दिल्ली में बदला मौसम का मिजाज, लोगों को गर्मी से राहत
नई दिल्ली: मई के बाद भीषण गर्मी और लू के लिए पहचाने जाने वाले जून माह की शुरुआत भी इस बार आश्चर्यजनक ही रही। रविवार को माह के पहले ही दिन मौसम के करवट ले लेने से एकाएक फिजा बदल गई। इससे गर्मी ही कम नहीं हुई बल्कि तापमान भी खासा गिर गया। मौसम विभाग की मानें तो अभी सप्ताह भर तक लू चलने के कोई आसार भी नहीं हैं।
अगले दो दिन के लिए तो वैसे भी आंधी एवं बारिश का येलो अलर्ट है। रविवार को यूं तो सुबह ही धूप निकल गई थी। लेकिन गर्मी के तेवर उतने तीखे नहीं थे। बादलों की लुकाछिपी भी बीच बीच में जारी थी। अपराहन तीन बजे के बाद मौसम में बदलाव देखने को मिला।
पहले कब थी आंधी की इतनी रफ्तार?
मौसम विभाग ने येलो अलर्ट पहले से ही जारी किया हुआ था। देखते ही देखते बादल छा गए और तेज आंधी चलने लगी, जिसकी गति पालम में 96 किमी प्रति घंटे तक रिकॉर्ड की गई। इससे पहले आंधी की इतनी रफ्तार 31 मई 2022 को 100 किमी प्रति घंटा रही थी। आंधी के बाद कहीं बूंदाबांदी, कहीं हल्की तो कहीं कहीं थोड़ी तेज बारिश रिकार्ड की गई।
आंधी- बारिश के दौरान राजधानी के तापमान में 14 डिग्री तक की गिरावट देखने को मिली। मौसम विभाग के मुताबिक मौसम में अचानक हुए इस बदलाव की कई कारकों का संयुक्त प्रभाव रहा।
उत्तरी पाकिस्तान व हरियाणा के ऊपर निचले स्तर पर एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन बना हुआ था। इससे पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो गया। अरब सागर से नमी का प्रवाह लगातार चल ही रहा है तो कई अन्य मौसमी परिस्थितियां भी इसमें सहायक बन गईं।
आज कैसा रहेगा मौसम?
रविवार को दिल्ली का न्यूनतम तापमान सामान्य से 0.3 डिग्री अधिक 27.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं अधिकतम तापमान सामान्य से 2.1 डिग्री कम 37.9 डिग्री सेल्सियस रहा। हवा में नमी का स्तर 98 से 45 प्रतिशत तक रिकार्ड हुआ। जहां तक बारिश का सवाल है तो रात साढ़े आठ बजे तक 16.8 मिमी दर्ज की गई।
मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि सोमवार को भी ऐसा ही मौसम बना रहेगा। आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। गर्जन वाले बादल बनने, बिजली चमकने, 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवा चलने और हल्की बारिश होने की संभावना है।
हवा की रफ्तार 60 किमी प्रति घंटे तक भी जा सकती है। अधिकतम एवं न्यूनतम तापमान क्रमश: 37 व 23 डिग्री रह सकता है। मंगलवार को भी कमोबेश ऐसा ही मौसम बने रहने का अनुमान है। सप्ताह भर तक अधिकतम तापमान 40 डिग्री व न्यूनतम 28 डिग्री से नीचे ही रहेगा। मालूम हो कि मई माह पिछले 15 साल में दूसरा सबसे कम गर्म रहा था। इस बार जून भी अपनी चिर परिचित पहचान से अलग रिकार्ड बना सकता है।

राहुल गांधी का हमला: PM मोदी के पास LPG संकट से निपटने की कोई नीति नहीं, कोविड जैसी अव्यवस्था
शर्मनाक हालात! बेटी के अंतिम संस्कार के लिए नहीं मिली लकड़ी, डीजल-टायर से किया दाह संस्कार
टीवीके प्रमुख विजय ने चेन्नई चुनावी दौरा रद्द किया, समय और पुलिस पाबंदियों को बताया कारण
एनडीए सरकार बनते ही सोना तस्करी आरोपियों पर सख्ती, दो महीने में जेल: अमित शाह
बंगाल चुनाव से पहले BJP और TMC में टकराव, हेट स्पीच को लेकर दोनों पार्टियां चुनाव आयोग पहुंचीं
राज्यसभा में 19 नए सदस्यों ने ली शपथ, व्हीलचेयर पर पहुंचे शरद पवार
कोरबा में हैवानियत की सारी हदें पार, बाइक बेचने से नाराज मालिक ने युवक को पीटा
दिल्ली विधानसभा में घुसे उपद्रवी, स्पीकर की कार पर स्याही फेंककर फरार
शराब घोटाला मामला: अरविंद केजरीवाल पहुंचे दिल्ली हाईकोर्ट, खुद रखेंगे अपना पक्ष
सोना-चांदी को नहीं छुआ, घर से गायब हुआ ये कीमती सामान; पुलिस भी हैरान