IPL 2026 का आगाज, सभी टीमें तैयार
दुनिया की सबसे बड़ी फ्रेंचाइजी आधारित क्रिकेट लीग आईपीएल के 19वें सीजन का आगाज शनिवार से होने जा रहा है। 10 टीमें करीब दो महीने से अधिक समय तक चलने वाले इस टूर्नामेंट को जीतने के लिए जोर लगाएंगी। सबसे ज्यादा चुनौती रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आईपीएल) के लिए होगी क्योंकि उसके सामने खिताब बचाने की जिम्मेदारी है। क्या आरसीबी की टीम ऐसा कर सकेगी जिसने पिछले साल 18 सीजन का खिताबी सूखा समाप्त किया था। वहीं, आईपीएल इतिहास की सबसे सफल टीमें चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) और मुंबई इंडियंस भी ट्रॉफी के लिए जोर लगाएगी।
उद्घाटन मैच में आरसीबी-सनराइजर्स की होगी भिड़ंत
कोहली ने पिछले साल आरसीबी की आईपीएल में पहली खिताबी जीत के साथ अपने शानदार रिकॉर्ड में एक और ट्रॉफी जोड़ ली थी। यह देखना दिलचस्प होगा कि यह खिलाड़ी अपने पूर्व के प्रदर्शन को दोहराने में सफल रहता या नहीं। कोहली की चुनौती खुद से भी होगी। जनवरी में न्यूजीलैंड के खिलाफ घरेलू वनडे सीरीज के बाद उन्हें भरपूर आराम मिल चुका है। आरसीबी टूर्नामेंट के उद्घाटन मैच में चिन्नास्वामी स्टेडियम में सनराइजर्स हैदराबाद की मेजबानी करेगा और उसका लक्ष्य शानदार शुरुआत करना होगा।
सीएसके, मुंबई और केकेआर को प्रदर्शन में करना होगा सुधार
सीएसके और मुंबई इन दोनों टीमों ने पांच-पांच बार आईपीएल का खिताब अपने नाम किया है। वहीं, कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) की टीम तीन बार विजेता बन चुकी है। ये तीनों टीमें अपनी खोई प्रतिष्ठा हासिल करने की कोशिश करेंगी। मुंबई इंडियंस, चेन्नई सुपर किंग्स और कोलकाता नाइट राइडर्स के पास कुल मिलाकर 13 आईपीएल खिताब हैं। लेकिन पिछला सत्र उनके लिए अच्छा नहीं रहा था। मुंबई की टीम पिछले सत्र में चौथे स्थान पर रहकर प्लेऑफ में पहुंची थी। पांच बार की चैंपियन यह टीम अपने इस प्रदर्शन में सुधार करने की कोशिश करेगी। केकेआर और सीएसके क्रमशः आठवें और 10वें स्थान पर रहे थे। मुंबई और सीएसके के पास एक और ट्रॉफी जीतकर आईपीएल इतिहास की सबसे सफल टीम बनने का मौका रहेगा।
बदलाव के साथ उतरेंगी टीमें
- सीएसके और केकेआर जैसी टीमों ने काफी बदलाव किया है। सीएसके ने राजस्थान रॉयल्स के पूर्व कप्तान संजू सैमसन को टीम में शामिल किया तथा मैट हेनरी और नूर अहमद को भी टीम में जोड़ा है।
- सीएसके की टीम महेंद्र सिंह धोनी से संभवत: आखिरी बार शानदार प्रदर्शन की उम्मीद करेंगी, जिन्होंने आईपीएल में अपने भविष्य को लेकर संशय बनाए रखा है।
- केकेआर ने टिम सीफर्ट, फिन एलेन, रचिन रवींद्र और कैमरन ग्रीन को शामिल करके अपनी बल्लेबाजी को मजबूती दी है।
- कप्तान अजिंक्य रहाणे शीर्ष क्रम में टीम को एकजुट रखने की भूमिका निभाएंगे और उपकप्तान रिंकू सिंह को उस फिनिशर की भूमिका में ढलना होगा जो आंद्रे रसेल ने 2014 से लेकर पिछले साल संन्यास लेने से पहले तक निभाई थी।
- गेंदबाजी में केकेआर के पास वरुण चक्रवर्ती और सुनील नरेन के रूप में दो तुरुप के पत्ते हैं, लेकिन उनका तेज गेंदबाजी विभाग कमजोर है।
तीन टीमों ने कभी नहीं जीता खिताब
राजस्थान रॉयल्स और गुजरात टाइटंस अपने नाम पर एक और खिताब जोड़ने की कोशिश करेंगे, जबकि दिल्ली कैपिटल्स, पंजाब किंग्स और लखनऊ सुपरजाएंट्स अपना पहला खिताब जीतने के लिए मैदान पर उतरेंगे। पिछली प्रतियोगिताओं की तरह इस बार भी कई ऐसे खिलाड़ी अपना प्रभाव छोड़ने की कोशिश करेंगे जिन्होंने अभी तक कोई अंतरराष्ट्रीय मैच नहीं खेला है। इन खिलाड़ियों में दिल्ली कैपिटल्स के औकिब नबी, राजस्थान रॉयल्स के कार्तिक शर्मा, सीएसके के प्रशांत वीर आदि शामिल हैं। क्या वह अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने में सफल रहेंगे या फिर जाने-माने खिलाड़ियों की ही तूती बोलेगी, अगले 65 दिनों में इसका जवाब मिल जाएगा।

PM Awas Yojana में भ्रष्टाचार: डबरा नगर पालिका के पूर्व CMO पर EOW ने दर्ज की FIR
पेट्रोल-डीजल एक्साइज ड्यूटी में कटौती: CM फडणवीस ने केंद्र को धन्यवाद, नागरिकों से की खास अपील
इंदौर एयरपोर्ट का नया T-1 टर्मिनल तैयार, 29 मार्च को होगा लोकार्पण
छिंदवाड़ा हादसे के बाद करेर गांव में पसरा मातम, हर आंख नम
IPL 2026 का आगाज, सभी टीमें तैयार
नाक के इलाज में लापरवाही, डॉक्टर पर 49.56 लाख के मुआवजे की मांग
अयोध्या राम मंदिर में रामनवमी पर भव्य सूर्य तिलक, PM मोदी ने टेलीविजन से किए दर्शन
अश्विन बोले- धोनी को इम्पैक्ट प्लेयर के रूप में नहीं देखना चाहता
ग्रेटर नोएडा की हिमालय प्राइड सोसाइटी में लिफ्ट में फंसीं कन्याएं, एक घंटे तक मची अफरा-तफरी