दिल्ली: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में यमुना नदी के पानी की गुणवत्ता में सितंबर के महीने में स्थिति और अधिक चिंताजनक हो गई है। दिल्ली प्रदूषण नियंत्रण समिति (डीपीसीसी) की हालिया रिपोर्ट के मुताबिक, वजीराबाद, निजामुद्दीन ब्रिज और असगरपुर में फीकल कोलीफॉर्म (मल संबंधी बैक्टीरिया) का स्तर अगस्त माह के मुकाबले काफी बढ़ गया है। हालांकि, राहत की बात यह रही कि पल्ला और ओखला बैराज पर इसके स्तर में कुछ कमी जरूर दर्ज की गई है।

डीपीसीसी द्वारा दिल्ली के भीतर यमुना नदी के कुल सात प्रमुख स्थानों से नियमित रूप से पानी के नमूने एकत्र किए जाते हैं। इनमें पल्ला, वजीराबाद, आईएसबीटी ब्रिज, आईटीओ ब्रिज, निजामुद्दीन ब्रिज, ओखला बैराज और असगरपुर शामिल हैं। पानी की शुद्धता और गुणवत्ता की जांच करने के लिए फीकल कोलीफॉर्म, बीओडी (बायोलॉजिकल ऑक्सीजन डिमांड), घुली हुई ऑक्सीजन और पीएच (pH) जैसे महत्वपूर्ण मानकों का परीक्षण किया जाता है।

विभिन्न स्थानों पर फीकल कोलीफॉर्म के आंकड़े

सामने आई रिपोर्ट के अनुसार, सितंबर माह में वजीराबाद पर फीकल कोलीफॉर्म का स्तर 1,100 से बढ़कर 1,300 प्रति 100 मिलीलीटर हो गया। इसके अलावा निजामुद्दीन ब्रिज पर यह 13,000 से बढ़कर 15,000 और असगरपुर में 36,000 से बढ़कर 38,000 प्रति 100 मिलीलीटर तक पहुँच गया। इसके विपरीत, पल्ला में यह 1,400 से घटकर 1,100 और ओखला बैराज पर 23,000 से घटकर 21,000 प्रति 100 मिलीलीटर दर्ज किया गया। वहीं, आईएसबीटी ब्रिज पर यह 35,000 और आईटीओ ब्रिज पर 17,000 के स्तर पर स्थिर बना रहा।

आईएसबीटी पर बीओडी का स्तर सबसे अधिक

यमुना के पानी में बीओडी यानी पानी के भीतर मौजूद जैविक गंदगी को नष्ट करने में लगने वाली ऑक्सीजन की खपत भी एक बड़ा चिंता का विषय बनी हुई है। सितंबर के दौरान अलग-अलग निगरानी स्थानों पर बीओडी का स्तर 2 से 30 मिलीग्राम प्रति लीटर के बीच रिकॉर्ड किया गया, जबकि निर्धारित मानक के अनुसार अधिकतम बीओडी तीन मिलीग्राम प्रति लीटर ही होना चाहिए। सबसे अधिक बीओडी आईएसबीटी ब्रिज पर 30 मिलीग्राम प्रति लीटर दर्ज किया गया, जबकि इससे पिछले महीने अगस्त में भी यह 28 मिलीग्राम प्रति लीटर पर ही था।

सीधे यमुना में गिरने वाले नाले भी बने बड़ी चिंता का कारण

रिपोर्ट के आंकड़ों से यह भी स्पष्ट होता है कि यमुना नदी में सीधे तौर पर गिरने वाले तमाम गंदे नालों और नजफगढ़ नहर से जुड़े नालों के पानी में भी बीओडी और टीएसएस (TSS) का स्तर अत्यधिक उच्च पाया गया है। इस प्रकार के नालों के जरिए नदी में मिलने वाला दूषित पानी सीधे तौर पर यमुना नदी के अस्तित्व और उसकी स्थिति को गंभीर रूप से प्रभावित कर रहा है।