महज 30 सेकंड का कहर, दीवार और छत गिरने से पांच जिंदगियां खत्म; दर्दनाक हादसे की पूरी कहानी
मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर के बुढ़ाना कोतवाली क्षेत्र के हबीबपुर सीकरी गांव में रविवार रात एक दिल दहला देने वाला हादसा हो गया। तेज बारिश और हवाओं के बीच एक कच्चे मकान की छत अचानक भरभराकर गिर गई, जिससे मलबे में दबकर एक ही परिवार के मुखिया समेत पांच लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। इस भीषण हादसे से पूरे इलाके में कोहराम मच गया है।
खाना खाते समय ढह गई मकान की छत
मिली जानकारी के अनुसार, हबीबपुर सीकरी निवासी 58 वर्षीय मजदूर इस्लाम कसार रविवार रात अपने घर में परिवार के साथ खाना खा रहे थे। परिवार में इस्लाम के अलावा उनकी पत्नी और छह बच्चे शामिल थे। मकान का अगला हिस्सा कच्चा और पीछे की दीवार पक्की थी। लगातार हो रही तेज बारिश के कारण पहले मकान की पक्की दीवार गिरी, जिसके दबाव से पूरी छत अचानक नीचे आ गई। खाना खा रहा पूरा परिवार पलक झपकते ही मलबे के ढेर के नीचे दब गया।
हादसे में पिता और चार बच्चों की मौत
घर के भीतर अचानक हुए इस धमाके जैसी आवाज को सुनकर पड़ोसी और ग्रामीण तुरंत मौके की तरफ दौड़े। ग्रामीणों ने भारी मशक्कत और जेसीबी की मदद से मलबे को हटाना शुरू किया। दबे हुए सदस्यों को निकालकर तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने इस्लाम (58) और उनके चार बच्चों—रुखसार (10), आहद (05), अलसीबा (04) और एक वर्षीय जीशान को मृत घोषित कर दिया। वहीं, इस हादसे में दो अन्य बच्चियां रुकैया (06) और सुमैया (07) गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिनका अस्पताल में इलाज जारी है।
चमत्कारिक रूप से बच गए मां और दो बच्चे
हादसे के वक्त गनीमत यह रही कि इस्लाम की पत्नी जैबून अपनी 14 साल की बेटी शहजादी और एक अन्य बेटे शुभान के साथ पड़ोस के ही एक घर में गई हुई थी। जब वे वापस लौटीं, तो उन्होंने अपने आशियाने को मलबे में तब्दील पाया। परिवार के ये तीन सदस्य इस बड़ी त्रासदी का शिकार होने से बाल-बाल बच गए।
प्रशासनिक अमला और जनप्रतिनिधि पहुंचे मौके पर
दर्दनाक हादसे की सूचना मिलते ही मंडलायुक्त डॉ. रुपेश कुमार, जिलाधिकारी उमेश मिश्रा, एसएसपी संजय वर्मा, सीओ फुगाना नरेंद्र यादव और सीओ बुढ़ाना गजेंद्र पाल सिंह भारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने स्थिति का जायजा लिया और ग्रामीणों से घटना की पूरी जानकारी ली। जिला प्रशासन ने पीड़ित परिवार को हरसंभव सरकारी मदद और घायलों को बेहतरीन चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने का भरोसा दिया है।
शोक की लहर
एक ही परिवार के पांच सदस्यों की इस तरह अचानक मौत से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। रालोद विधानमंडल दल के नेता राजपाल बालियान, सपा विधायक पंकज मलिक, पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री डॉ. संजीव बालियान समेत कई प्रमुख राजनीतिक और सामाजिक हस्तियों ने इस अपूरणीय क्षति पर गहरा दुख व्यक्त किया है।

क्या खत्म होगा संसद का गतिरोध? NEET विवाद पर राहुल गांधी की बैठक से बढ़ी सियासी हलचल
CJP प्रदर्शन पर सरकार का रुख साफ, बोली- बातचीत के लिए हमेशा तैयार, 24 घंटे में दिए 4 प्रस्ताव
मस्जिद में मासूम से कथित वारदात, आरोपी मौलाना पर FIR; जांच शुरू
शिक्षा पर सरकारी खर्च का रिपोर्ट कार्ड, मोदी सरकार के 12 साल के आंकड़े क्या कहते हैं?
ट्रेन लेट हुई तो यात्रियों का फूटा गुस्सा, झाबुआ में रेलवे ट्रैक पर दिया धरना
IB कर्मी अंकित शर्मा हत्याकांड में सजा का इंतजार, ताहिर हुसैन मामले में सुनवाई टली
हिमाचल के मंत्री विक्रमादित्य का PM मोदी से आग्रह, बोले- युवाओं से सीधे जुड़ें
वकील दंपती के साथ कथित जातीय भेदभाव, ₹35 हजार जुर्माना और सामूहिक दावत का दबाव
छात्रों के समर्थन में बॉलीवुड, आर. माधवन और आलिया भट्ट समेत कई सितारों ने रखी अपनी बात