अमरकंटक एक्सप्रेस में 10.5 लाख की चोरी, टेक्नोलॉजी ने दिलाई सफलता
जबलपुर। मध्य प्रदेश के जबलपुर में रेलवे सुरक्षा एजेंसियों को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। अमरकंटक एक्सप्रेस के ए-2 कोच में 22 जून 2026 को रायपुर से इटारसी की यात्रा कर रहे नीलेश मालपानी और उनकी पत्नी का करीब साढ़े 10 लाख रुपये मूल्य का कीमती सामान चोरी हो गया था। सुबह करीब 5:50 बजे 'रेल मदद' ऐप पर शिकायत दर्ज होते ही रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और शासकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) हरकत में आ गईं। हालांकि, शातिर चोर ने वारदात के बाद पीड़ित का आईफोन बंद कर दिया था, जिसकी आखिरी लोकेशन मदनमहल स्टेशन के पास मिली थी। लेकिन पीड़ित के बैग में रखे चालू एप्पल एयरपॉड (AirPod) की लाइव जीपीएस लोकेशन ने इस पूरी वारदात का पर्दाफाश कर दिया। सुरक्षा बलों ने गोहलपुर के सर्वोदय नगर में दबिश देकर शातिर अपराधी रितेश आसवानी उर्फ कालू उर्फ अमित को उसके घर से धर दबोचा।
एयरपॉड के सिग्नल का पीछा करते हुए बारिश में पहुंची आरपीएफ टीम
पीड़ित नीलेश मालपानी के मुताबिक, चोरी गए बैग में एप्पल आईफोन, एयरपॉड, चार्जर, नकदी और सोने के कीमती आभूषण रखे हुए थे। आरपीएफ पोस्ट प्रभारी राजीव खरब ने मामला दर्ज होते ही तकनीकी सर्विलांस की मदद ली। सुबह करीब 8:00 बजे पीड़ित ने पुलिस को अपडेट दिया कि उनका मोबाइल भले ही बंद है, लेकिन बैग में रखा एयरपॉड एक्टिव है और उसकी लोकेशन गोहलपुर क्षेत्र के सर्वोदय नगर की एक घनी बस्ती में दिखा रहा है।
इस सटीक इनपुट के मिलते ही आरपीएफ की एक विशेष टीम तुरंत सादे कपड़ों (सिविल ड्रेस) में रवाना हुई। तेज बारिश के बीच लगातार सिग्नल्स को ट्रैक करते हुए टीम सर्वोदय नगर के उस मकान तक जा पहुंची जहां आरोपी रितेश आसवानी चैन की नींद सो रहा था। टीम ने उसे फौरन हिरासत में लिया और तलाशी के दौरान उसके पास से चोरी गया शत-प्रतिशत सामान (कीमत ₹10.5 लाख) सुरक्षित बरामद कर लिया।
माले मुफ्त, दिले बेरहक: शत-प्रतिशत बरामदगी के बाद श्रेय लेने की होड़
ट्रेन चोरी के मामलों में इतनी त्वरित और शत-प्रतिशत रिकवरी बेहद दुर्लभ होती है, यही वजह है कि अब आरपीएफ और जीआरपी दोनों ही विभाग इस बड़ी कामयाबी का पूरा सेहरा अपने सिर बांधने में जुट गए हैं।
-
आरपीएफ का दावा: आरपीएफ अधिकारियों का कहना है कि उनकी टीम ने मुखबिर तंत्र और हाइटेक गैजेट्स की लाइव लोकेशन का पीछा करते हुए भारी बारिश के बीच चोर को रंगे हाथों पकड़ा, माल बरामद किया और नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए आरोपी को जीआरपी को सुपुर्द कर दिया।
-
जीआरपी का दावा: दूसरी तरफ, जीआरपी एसपी सुंदर सिंह कनेश ने इस मामले को लेकर बकायदा एक औपचारिक प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाई। उन्होंने आधिकारिक घोषणा करते हुए दावा किया कि जीआरपी की विशेष टीम ने रेलवे स्टेशनों के सीसीटीवी फुटेज खंगालने और मोबाइल-गैजेट्स की लोकेशन ट्रेस करने के बाद आरोपी को दबोचा है।
बरामद हुए सोने के जेवरात और कीमती सामान की सूची
जीआरपी द्वारा जारी आधिकारिक सूची के अनुसार, पकड़े गए आरोपी के पास से जब्त किए गए सामान में शामिल हैं:
-
एप्पल आईफोन, चार्जर और वारदात का सुराग देने वाला एयरपॉड।
-
₹2,000 नगद कैश।
-
₹3.30 लाख कीमत का सोने का शानदार हार।
-
₹1.50 लाख के सोने के टॉप्स (झुमके)।
-
₹2.50 लाख मूल्य की सोने की चार अलग-अलग अंगूठियां।
-
₹45 हजार के 3 ग्राम वजन के सोने के अन्य टॉप्स।
-
₹2.50 लाख कीमत का करीब 13 ग्राम का सोने का ब्रेसलेट।
इतनी बड़ी रकम का पुश्तैनी और कीमती सामान सुरक्षित वापस मिलने पर पीड़ित मालपानी परिवार भावुक हो गया और उन्होंने तत्परता दिखाने के लिए रेलवे प्रशासन व सुरक्षा बलों का सहृदय आभार व्यक्त किया है। रेलवे कोर्ट के माध्यम से सामान की सुपुर्दगी की प्रक्रिया की जा रही है।

दिल्ली पुलिस का दावा, CJP प्रदर्शन को लेकर पाकिस्तानी अकाउंट्स से फैलाया गया फर्जी प्रचार
इंडोनेशिया में लापता नाव की खोज जारी, 11 विदेशी पर्यटकों का अब तक नहीं मिला सुराग
NEET विवाद पर राहुल गांधी का हमला, बोले- धर्मेंद्र प्रधान दें इस्तीफा, PM मोदी मांगें माफी
पुलिस की बोलेरो लेकर भागा शराबी, सड़क पर आठ लोगों को मारी टक्कर; TI ने तोड़ी चुप्पी
रेलवे स्टेशन पर हंगामा, RPF पर रिश्वत मांगने का आरोप लगाकर शख्स ने किया हाई वोल्टेज ड्रामा
'आदिपुरुष' विवाद पर पहली बार खुलकर बोले मनोज मुंतशिर, कहा- सबसे बड़ी गलती थी
नाबार्ड सर्वे का खुलासा: गांवों में कमाई ठहरी, बढ़ते खर्च ने बिगाड़ा बजट
'दिल टूट गया है'— छात्रों पर कार्रवाई को लेकर भावुक हुए शेखर सुमन, सरकार से पूछे सवाल
करोड़ों की ठगी का मास्टरमाइंड गिरफ्तार, वाहन कारोबार और जमीन दलाली बना था हथियार
88 करोड़ की ठगी मामले में बड़ा ब्रेकथ्रू, अविनाश राठौड़ का प्रत्यर्पण कर लाई पुणे पुलिस