दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी, कड़ी कार्रवाई की मांग तेज

ग्लोबल इंडिया टीवी के लिए धार से अमर वर्मा की रिपोर्ट धार। धार शहर में लगातार पत्रकारों पर हो रहे हमले अब गंभीर चिंता का विषय बनते जा रहे हैं। भू-माफियाओं और उनसे जुड़े असामाजिक तत्वों द्वारा पत्रकारों को धमकाने, हमला करने और निष्पक्ष पत्रकारिता को दबाने की कोशिशों के विरोध में आज धार के पत्रकारों  ने प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। पत्रकार संघ ने स्पष्ट कहा है कि यदि दोषियों पर शीघ्र और कठोर कार्रवाई नहीं हुई, तो जिले भर में व्यापक आंदोलन और विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। संघ ने पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और अपराधियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। धार जिला पत्रकार संघ के जिला अध्यक्ष छोटू शास्त्री और आर्यावर्त पत्रकार संघ के जिला अध्यक्ष शैलेंद्र जोशी के नेतृत्व में पत्रकारों ने यह ज्ञापन प्रशासन को सौंपा। ज्ञापन में बताया गया कि शहर में भू-माफियाओं एवं उनसे जुड़े असामाजिक तत्वों का आतंक लगातार बढ़ रहा है, और पत्रकारों को सच्चाई उजागर करने पर धमकियों और हमलों का सामना करना पड़ रहा है। संघ ने मांग की है कि इस पूरे मामले में शामिल आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की जाए, केवल मामूली धाराओं में नहीं बल्कि जानलेवा हमला, आपराधिक षड्यंत्र, सामाजिक हमला और धमकी जैसी गंभीर धाराओं में प्रकरण दर्ज किया जाए। साथ ही आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड खंगालकर उनके खिलाफ जिला बदर, रासुका और गुंडा एक्ट जैसी कठोर कार्रवाई भी की जाए। पत्रकार संघ ने यह भी मांग रखी कि इस घटना की निष्पक्ष जांच हो और यह पता लगाया जाए कि किन सफेदपोश लोगों की भूमिका भू-माफियाओं को संरक्षण देने में रही है। जिले में पत्रकारों की सुरक्षा के लिए विशेष निगरानी तंत्र विकसित करने तथा पुलिस प्रशासन द्वारा स्वतंत्र सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की भी मांग की गई है। संघ ने प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो पूरे जिले में पत्रकार लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन, धरना और विरोध प्रदर्शन करेंगे।