तालाब किनारे कूड़े में जोरदार धमाका, आसपास के घर हिल गए
लखनऊ। राजधानी लखनऊ में रविवार रात करीब 9:45 बजे तालाब किनारे लगे कूड़े के ढेर में जोरदार धमाका हुआ। धमाके के साथ ही चारों ओर धुएं का गुबार फैल गया। आवाज इतनी तीव्र थी कि आसपास के घरों में कंपन महसूस हुई। घबराकर लोग घरों से बाहर निकल आए। कुछ ही देर में ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर चौकी प्रभारी बेहटा हरिओम पटेल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने लोगों को समझाकर वहां से हटाया। घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। घटना गुडंबा थाना क्षेत्र के बेहटा स्थित राजकीय बालिका इंटर कॉलेज के पास की है। तालाब के पास रहने वाले शमसुद्दीन ने बताया कि वह सोने की तैयारी कर रहे थे, तभी धमाके की आवाज आई। आवाज सुनकर वह बाहर निकले तो चारों तरफ धुआं ही धुआं था। वहीं, धमाके से मो. हसीब के घर की फॉल सीलिंग लटक गई।
साजिश की आशंका जताई जा रही
पुलिस की शुरुआती जांच में मामला किसी शरारती तत्व की करतूत प्रतीत हो रहा है। वहीं पंचायत चुनाव को लेकर दो पक्षों के बीच चल रहे विवाद को भी पुलिस ने जांच के दायरे में रखा है। बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों में पहले से ही तनाव चल रहा है। एक-दूसरे के खिलाफ साजिश की आशंका जताई जा रही है। घटना की सूचना पर एसीपी गाजीपुर ए. विक्रम सिंह और इंस्पेक्टर गुडंबा मौके पर पहुंचे और जांच-पड़ताल की। एसीपी ने बताया कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है। जांच के बाद आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।
पिछले साल हुए धमाके की याद से सहमे लोग
मालूम हो कि पिछले वर्ष 31 अगस्त को बेहटा क्षेत्र में एक घर में अवैध रूप से चल रही पटाखा फैक्टरी में जोरदार धमाका हो गया था। इस हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि दो अन्य ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया था। घटना के बाद पुलिस ने छापेमारी कर बड़ी मात्रा में पटाखा और बारूद बरामद किया था। आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। रविवार रात हुए धमाके की आवाज सुनते ही स्थानीय लोग पिछले साल की घटना को याद कर सहम गए। कुछ देर तक इलाके में अफरातफरी का माहौल बना रहा।

Hailee Steinfeld के घर आई नन्ही परी, बेटी का किया स्वागत
पश्चिम बंगाल में बीजेपी के सियासी उतार-चढ़ाव की कहानी रही दिलचस्प
‘होर्मुज स्ट्रेट में सिर्फ हमारे लोगों को मारा’, 60 देशों की बैठक में भारत ने जताई नाराजगी
मध्य प्रदेश के दतिया से कांग्रेस विधायक राजेंद्र भारती की सदस्यता समाप्त, विधानसभा ने आदेश जारी किया
राघव चड्ढा ने अरविंद केजरीवाल से अलग लाइन क्यों अपनाई? AAP ने डिप्टी लीडर पद से हटाया
क्या सीता के रोल के लिए Sai Pallavi हैं परफेक्ट? Ranbir Kapoor का जवाब
सक्ती में बंदरों का हमला, 20 लोग जख्मी
65 वेंटिलेटर बंद, मरीजों की जान पर बन आई
वाराणसी में बनेंगी 3 नई टाउनशिप, 1700 करोड़ का प्लान