रतलाम 


रंगपंचमी पर्व पर निकलने वाले पारंपरिक गैर जुलूस के दृष्टिगत रतलाम पुलिस अलर्ट

वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों द्वारा जुलूस मार्ग का निरीक्षण, ड्रोन से भी की गई निगरानी

रतलाम। रंगपंचमी पर्व के अवसर पर जिले के विभिन्न क्षेत्रों में निकलने वाले पारंपरिक गैर जुलूस के दृष्टिगत रतलाम पुलिस द्वारा विशेष सतर्कता बरती जा रही है। इसी क्रम में रतलाम शहर, जावरा शहर, सैलाना, बड़ावदा सहित जिले के विभिन्न स्थानों पर निकलने वाले गैर जुलूस के मार्गों का वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों द्वारा निरीक्षण किया गया।
पुलिस अधीक्षक रतलाम श्री अमित कुमार के निर्देशन में पुलिस अधिकारियों द्वारा जुलूस मार्ग, प्रमुख चौराहों, संवेदनशील क्षेत्रों एवं भीड़भाड़ वाले स्थानों का बारीकी से निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, बैरिकेडिंग, सीसीटीवी व्यवस्था तथा पुलिस बल की तैनाती से संबंधित आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।
पुलिस अधीक्षक श्री अमित कुमार द्वारा सभी पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पर्व के दौरान विशेष सतर्कता बरतने, निरंतर पेट्रोलिंग करने, संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने तथा आमजन के साथ समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही जुलूस के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या कानून व्यवस्था की स्थिति उत्पन्न न हो, इसके लिए प्रभावी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
इसके अतिरिक्त गैर जुलूस मार्ग का ड्रोन के माध्यम से भी निरीक्षण किया गया, जिससे जुलूस मार्ग, संभावित भीड़ वाले क्षेत्रों एवं अन्य महत्वपूर्ण स्थानों का विस्तृत आकलन किया जा सके। ड्रोन सर्विलांस के माध्यम से सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।

           रतलाम पुलिस द्वारा आम नागरिकों से भी अपील की गई है कि रंगपंचमी पर्व को आपसी सौहार्द, शांति एवं भाईचारे के साथ मनाएं तथा पुलिस प्रशासन का सहयोग करें। किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि अथवा समस्या की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील भी की गई है।
रतलाम पुलिस द्वारा पर्व के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की जा रही है ताकि रंगपंचमी का पर्व शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके।

जिला संवाददाता लाखनसिंह सिसोदिया स्पेशल रिपोर्ट