रतलाम पुलिस की बड़ी कार्रवाई — 90 क्विंटल गेहूं चोरी का खुलासा, अंतरजिला चोर गिरोह के 03 आरोपी गिरफ्तार, कई चोरी के मामलों का हुआ पर्दाफाश

जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों की रोकथाम एवं चोरी की घटनाओं के त्वरित निराकरण हेतु पुलिस अधीक्षक रतलाम श्री अमित कुमार (भा.पु.से.) द्वारा सभी थाना प्रभारियों को प्रभावी कार्रवाई एवं तकनीकी संसाधनों के अधिकतम उपयोग के निर्देश दिए गए हैं। उक्त निर्देशों के पालन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रतलाम श्री विवेक कुमार लाल के मार्गदर्शन में थाना बड़ावदा पुलिस एवं साइबर सेल की संयुक्त टीम द्वारा बड़ी कार्रवाई करते हुए गेहूं चोरी की घटना का खुलासा कर अंतरजिला चोर गिरोह के 03 आरोपियों को गिरफ्तार करने में महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त की गई है।

घटना का संक्षिप्त विवरण  दिनांक 06.05.2026 को फरियादी अय्युब खां पिता बसीर खां मेवाती, उम्र 57 वर्ष निवासी वार्ड क्रमांक 13 बड़ावदा द्वारा थाना बड़ावदा पर रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि उसके खेत कुएं पर बने टीन शेड में 10 बिघा खेत से काटकर निकाला गेहूं रखा हुआ था। दिनांक 05.05.2026 की रात्रि खेत देखने के बाद वह घर लौट आया था। अगले दिन सुबह खेत पर पहुंचने पर गेहूं बिखरा हुआ मिला तथा मौके पर वाहन के टायरों के निशान दिखाई दिए। जांच करने पर गेहूं चोरी होना पाया गया। फरियादी की रिपोर्ट पर थाना बड़ावदा पर प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया गया।

पुलिस कार्यवाही का विवरण–* घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक श्री अमित कुमार के निर्देशन में थाना प्रभारी बड़ावदा प्रशिक्षु आईपीएस श्री वैभव प्रिय के नेतृत्व में थाना बड़ावदा एवं साइबर सेल की संयुक्त टीम गठित की गई। टीम द्वारा मुखबिर तंत्र सक्रिय कर तकनीकी विश्लेषण, सीसीटीवी फुटेज एवं आईसीजेएस डाटा के आधार पर संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान की गई।
जांच के दौरान संदिग्ध भंवरलाल पिता आशाराम चंद्रवंशी निवासी रोहलखुर्द थाना नागदा मंडी को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपी ने अपने साथी लखनसिंह गुर्जर के साथ मिलकर गेहूं चोरी करना स्वीकार किया। आरोपियों ने बताया कि चोरी की वारदात को अंजाम देने हेतु एक दिन पूर्व बड़नगर क्षेत्र से आयशर वाहन चोरी किया गया था, जिसके माध्यम से गेहूं चोरी कर कच्चे रास्तों से रोहलखुर्द पहुंचाया गया। आरोपियों द्वारा चोरी किए गए गेहूं को ट्रैक्टर-ट्रॉली में भरकर महिदपुर मंडी में बेच दिया गया। चोरी में प्रयुक्त आयशर वाहन आरोपी युसुफ पिता बाबु शाह निवासी देपालपुर को सौंपा गया, जिसने वाहन को काट दिया। पुलिस द्वारा तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।

11 चोरी की घटनाएं करना स्वीकार किया–* पूछताछ के दौरान आरोपियों भंवरलाल चंद्रवंशी एवं लखन गुर्जर द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में कुल 11 चोरी की घटनाएं करना स्वीकार किया गया है। पुलिस द्वारा अब तक 04 प्रकरणों में चोरी गया मश्रुका बरामद कर लिया गया है। अन्य घटनाओं के संबंध में आरोपियों से पुलिस रिमांड पर विस्तृत पूछताछ की जाएगी।

गिरफ्तार आरोपीगण–
1. भंवरलाल पिता आशाराम चन्द्रवंशी, उम्र 42 वर्ष निवासी रोहलखुर्द थाना नागदा मंडी
2. लखनसिंह पिता रतनलाल गुर्जर, उम्र 25 वर्ष निवासी ग्राम एकतासा थाना देपालपुर जिला इंदौर
3. युसुफ पिता बाबु शाह, उम्र 45 वर्ष निवासी गौतमपुरा रोड, नाका पानी की टंकी के पास, देपालपुर जिला इंदौर

आरोपीयों के कब्जे से जप्त सामग्री -
1. एक आईशर कंपनी का ट्रक किमती करीब 2,00,000/- रूपये
2. एक आईशर ट्रेक्टर - ट्राली किमती 6,50,000/- रुपये
3. दो मोटर सायकल किमती 1,10,000/- रूपये
4. गेहुं बिक्री की नगदी राशी 95,000/- रूपये
5. पुराने चद्दर 09 किमती 18,000/- रूपये

*मुख्य भूमिका–* उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी बड़ावदा प्रशिक्षु आईपीएस श्री वैभव प्रिय, उप निरीक्षक कुलदीप डाबी, उप निरीक्षक जीवन बारिया कार्यवाहक सहायक उप निरीक्षक शिवजी यादव, प्रधान आरक्षक मनमोहन शर्मा, प्रधान आरक्षक लक्ष्मीनारायण सूर्यवंशी, प्रधान आरक्षक हिम्मत सिंह, प्रधान आरक्षक जितेन्द्र बारिया, प्रधान आरक्षक राजेश पानोला, आरक्षक विपुल भावसार, आरक्षक मयंक व्यास, आरक्षक राहुल पाटीदार, आरक्षक तुषार सिसोदिया एवं आरक्षक मोरसिंह डामोर आरक्षक गोपालसिंह एवं आरक्षक कृष्णपालसिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

सराहनीय योगदान
प्रधान आरक्षक शहजाद खान, प्रधान आरक्षक दिनेशसिंह भदौरिया, आरक्षक बालूसिंह, आरक्षक रोहताश जाट, सैनिक प्रतापसिंह, सैनिक नरेन्द्रसिंह, प्रधान आरक्षक लोमेश शर्मा (CCTNS शाखा रतलाम) एवं आरक्षक नरेन्द्रसिंह हाड़ा थाना रिंगनोद का विशेष योगदान रहा।


जिला संवाददाता लाखनसिंह सिसोदिया की स्पेशल रिपोर्ट