रतलाम पुलिस का जागरूकता अभियान — बांछड़ा समुदाय के युवाओं को शिक्षा, रोजगार एवं समाज की मुख्यधारा से जोड़ने का प्रयास//

रतलाम | 
रतलाम पुलिस द्वारा सामाजिक सरोकारों के अंतर्गत बांछड़ा समुदाय के युवक-युवतियों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने, अपराधों से दूर रहने तथा शिक्षा एवं रोजगार के बेहतर अवसर प्राप्त करने हेतु विशेष जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।
पुलिस अधीक्षक रतलाम श्री अमित कुमार के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री विवेक कुमार लाल के मार्गदर्शन में यह अभियान जिले के विभिन्न क्षेत्रों में संचालित किया जा रहा है।
इसी क्रम में उप पुलिस अधीक्षक श्रीमती अनिशा जैन एवं महिला थाना प्रभारी निरीक्षक श्रीमती रेखा चौधरी द्वारा थाना रिंगनोद अंतर्गत आने वाले ग्राम ढोढर, पिपलिया जोधा, रिछाचादा, बागाखेड़ा, हनुमंतिया, मोयाखेड़ा, परवलिया, माननखेड़ा, चिलकाना एवं कालूखेड़ा के बांछड़ा समुदाय के युवकों को ढोढर चौकी पर आयोजित जागरूकता कार्यक्रम में संबोधित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों द्वारा युवाओं को अपराधों से दूर रहने, शिक्षा को अपनाने तथा रोजगार के अवसरों की ओर अग्रसर होने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही समाज के युवाओं को सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ने और आत्मनिर्भर बनने का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर उपस्थित युवाओं से संवाद करते हुए पुलिस अधिकारियों द्वारा संबंधित गांवों में रहने वाले युवकों की जानकारी भी एकत्र की गई। इसमें पढ़ाई कर रहे युवाओं एवं रोजगार की तलाश कर रहे युवाओं की अलग-अलग सूची तैयार की जा रही है, ताकि उन्हें उनकी योग्यता के अनुसार शिक्षा एवं रोजगार के उपयुक्त अवसर उपलब्ध कराए जा सकें।
पुलिस विभाग द्वारा इस दिशा में शासन की विभिन्न योजनाओं एवं संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित कर शिक्षा एवं रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के प्रयास किए जाएंगे, जिससे बांछड़ा समुदाय के युवक-युवतियों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने में सहायता मिल सके।
रतलाम पुलिस द्वारा इस प्रकार के सामाजिक जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं को सकारात्मक मार्ग पर अग्रसर करने तथा अपराधमुक्त समाज के निर्माण हेतु निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

जिला संवाददाता लाखनसिंह सिसोदिया की स्पेशल रिपोर्ट