जिला मुख्यालय से 15 किलोमीटर दूर नामली थाना क्षेत्र के अंतर्गत अवैध शराब माफिया के खिलाफ कसा शिकंजा

क्षेत्र में अवैध शराब माफियाओं के खिलाफ चलाए जा रहे धरपकड़ अभियान में नामली पुलिस को एक बड़ी कामयाबी हासिल हुई है।


पुलिस टीम ने पैलेस रोड पर स्थित एक रिहायशी मकान में दबिश देकर भारी मात्रा में अवैध देशी शराब और बीयर का जखीरा बरामद किया है। इस मामले में पुलिस ने एक आरोपी को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है, जबकि उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल रहा।

एसपी के निर्देश पर एक्टिव हुई टीम।

पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, यह पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक रतलाम अमित कुमार (भा.पु.से.) के सख्त निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार लाल व एसडीओपी किशोर कुमार पाटनवाला के कुशल मार्गदर्शन में अंजाम दी गई। पुलिस को सूचना मिली थी कि पैलेस रोड स्थित एक मकान में अवैध शराब का अवैध भंडारण किया गया है।

घर में छिपा रखी थी 15 पेटी बीयर और 4 पेटी देशी शराब। मुखबिर की सटीक सूचना पर थाना प्रभारी अमित कुमार कोरी के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने पैलेस रोड निवासी यशवंत सिंह सोलंकी (53 वर्ष) के ठिकाने पर अचानक घेराबंदी कर दबिश दी। जब घर की तलाशी ली गई, तो पुलिस के भी होश उड़ गए। वहां से कुल 19 पेटी अवैध शराब बरामद की गई, जिसमें 15 पेटी बीयर और 4 पेटी देशी मदिरा शामिल है। कुल 211.3 बल्क लीटर शराब की बाजार कीमत लगभग 61,770 रुपये आंकी गई है। केस दर्ज, अब सोर्स का पता लगाएगी पुलिस मामले की पुष्टि करते हुए थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी यशवंत सिंह सोलंकी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत गैर-जमानती धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपी को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लेगी, ताकि यह पता लगाया जा सके कि शराब कहाँ से लाई जा रही थी और इसमें कौन-से बड़े मगरमच्छ शामिल हैं। वहीं, मामले में फरार सह-आरोपी आजाद सिंह सोलंकी की गिरफ्तारी के लिए टीमें रवाना कर दी गई हैं।

ग्लोबल इंडिया टीवी से जिला संवाददाता लाखनसिंह सिसोदिया की स्पेशल रिपोर्ट