पत्रकारों की सुरक्षा पर उठी मजबूत आवाज, आर्याव्रत पत्रकार संघ ने राज्यपाल को सौंपा ज्ञापन

बदनावर। लोकतंत्र के चौथे स्तंभ माने जाने वाले पत्रकारों की सुरक्षा और अधिकारों को लेकर बदनावर में एक महत्वपूर्ण पहल सामने आई है। आर्याव्रत पत्रकार संघ के पदाधिकारियों ने मध्यप्रदेश के राज्यपाल मंगू भाई पटेल से मुलाकात कर पत्रकारों की सुरक्षा, स्वतंत्रता और सम्मान से जुड़े गंभीर मुद्दों पर चर्चा की तथा पत्रकार सुरक्षा कानून लागू करने की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा।

प्रतिनिधिमंडल ने स्पष्ट रूप से कहा कि वर्तमान समय में पत्रकारों को न केवल सामाजिक और राजनीतिक दबावों का सामना करना पड़ रहा है, बल्कि कई बार उनकी सुरक्षा भी खतरे में पड़ जाती है। ऐसे में निष्पक्ष और निर्भीक पत्रकारिता के लिए सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है।

संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष धर्मेंद्र अग्निहोत्री ने कहा कि यदि पत्रकार सुरक्षित नहीं होंगे तो लोकतंत्र की आवाज कमजोर हो जाएगी। उन्होंने सरकार से मांग की कि जल्द से जल्द पत्रकार सुरक्षा कानून लागू कर पत्रकारों को कानूनी संरक्षण दिया जाए, ताकि वे बिना भय और दबाव के जनहित के मुद्दों को उजागर कर सकें।

उन्होंने यह भी कहा कि आज के दौर में पत्रकारों पर बढ़ते हमले और उत्पीड़न की घटनाएं चिंता का विषय हैं, जिन्हें रोकने के लिए ठोस और प्रभावी कानून की आवश्यकता है। संघ ने सरकार पर इस दिशा में त्वरित कार्रवाई का दबाव बनाते हुए स्पष्ट किया कि यदि जल्द निर्णय नहीं लिया गया तो संगठन व्यापक स्तर पर आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा।

इस अवसर पर राष्ट्रीय महासचिव राकेश सिंह चौहान, राष्ट्रीय संरक्षक दिलीप सिंह चौहान, प्रदेश मीडिया प्रभारी महेश पाटीदार, स्वतंत्र प्रेस क्लब अध्यक्ष मनीष शर्मा, उपाध्यक्ष विनय पाटीदार, सचित बाहेती, मुकेश राठौर, राजू गजभैया सहित अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।

बदनावर से रोशन रिंगनोदिया की रिपोर्ट