टीकमगढ़ कलेक्टर विवेक श्रोत्रिय ने टीएल बैठक में अधिकारियों को शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और समय-सीमा में लक्ष्य पूरे करने के निर्देश दिए। बैठक में स्कूलों के औचक निरीक्षण, हितग्राही योजनाओं की समीक्षा, सीएम हेल्पलाइन, राजस्व प्रकरणों और विभिन्न विभागों की प्रगति पर विस्तार से चर्चा हुई। कलेक्टर ने स्पष्ट कहा कि हितग्राही योजनाओं में लापरवाही और कार्य में ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित टीएल बैठक में कलेक्टर विवेक श्रोत्रिय ने कृषि, उद्यानिकी, मत्स्य, सिंचाई, नगरीय निकाय, पशुपालन, आदिम जाति कल्याण, पंचायत एवं ग्रामीण विकास तथा स्कूल शिक्षा विभाग की योजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने सभी विभागों को लक्ष्य आधारित कार्यों में तेजी लाने और समय पर प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

स्कूल शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने सभी राजस्व अधिकारियों को स्कूलों का नियमित औचक निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने निपुण भारत मिशन के तहत बच्चों के अधिगम स्तर की जांच, शिक्षकों की उपस्थिति, मध्यान्ह भोजन व्यवस्था और छात्र संख्या का निरीक्षण सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही जर्जर विद्यालय भवनों की सूची तैयार कर तकनीकी जांच कराने तथा सभी विद्यार्थियों की शत-प्रतिशत अपार आईडी बनाने के निर्देश भी दिए।

बैठक में कलेक्टर ने श्रम विभाग के संबल योजना के लंबित प्रकरणों, प्रधानमंत्री आवास योजना, प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना, कामधेनु डेयरी योजना, किसान क्रेडिट कार्ड, वनाधिकार प्रकरण, केन-बेतवा लिंक परियोजना और राष्ट्रीय राजमार्ग के भू-अर्जन कार्यों की भी समीक्षा की। उन्होंने सीएम हेल्पलाइन शिकायतों, राजस्व प्रकरणों और लंबित अवमानना मामलों के समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण के निर्देश देते हुए कहा कि हितग्राही मूलक योजनाओं में लापरवाही करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
ब्यूरो रिपोर्ट:
हरिशंकर जड़िया
ग्लोबल इंडिया टीवी न्यूज़, टीकमगढ़